तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो
तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो
तुम्हें ज़ुबान पर रखना
मुझे शहद कर देता है
तुम्हारा न होना मेरे ख़यालों को
नीम सा ज़हर कर देता है।
मेरे ख़्वाब मेरे हिंदी के वाक्य हैं
जिनमें तुम अपने लफ़्ज़
बड़े सलीके से रखती हो
तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो।
ऐसा नहीं है कि मैं ख़ुदा में मानता नहीं हूँ
मगर मैं उर्दू को पूरा जानता नहीं हूँ
आफ़ताब से लेकर मेहताब तक
सरफ़रोश से लेकर फ़िदोश तक
कुछ चंद अल्फ़ाज़ हैं मेरे तकिए के तले
जिनमें रोज़ तुम कुछ छोड़ जाया करती हो
तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो।
रोज़-रोज़ तुझे ज़िक्र में लाकर
तुम्हारे हर्फ़ बेज़ार नहीं करता
ये मुझे इल्म क्यों नहीं कि
मैं तुमसे प्यार क्यों नहीं करता
महजबीं, लिहाज़, क़ुर्बत, मुख़्तलिफ़
इन सब से सजा दूँ तुम्हें तो
महफ़िल में मेरा वजूद बन जाता है
मगर अफ़सोस कि आजकल दो ज़ुबानों
के वसल से बारूद बन जाता है
मेरी मुलाक़ातों का वज़न बढ़ जाता है
जब-जब तुम दस्तक दिया करती हो
तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो।
और मेरी हिंदी ने मुझे तुमसे
मिलने की पूरी इजाज़त दे रखी है
मैं इस्तेमाल करूँ मेरी बातों में
और बेमिसाल हो जाऊँ
मगर मैं तो ख़ुश हूँ कि
तेरे हाथों से इस्तेमाल हो जाऊँ।
मेरी क़लम से तेरे कान के झुमके,
पैरों की पायल सब बन सकती है
मगर तेरे माथे की बिंदी नहीं बन सकती
मुझे एक क़तरा मलाल ये है कि
तुम मेरी उर्दू हो, मेरी हिंदी नहीं बन सकती
मेरा ज़मीर कहता है तुम भी दिल में
कोई सर्वनाम लिए फिरती हो
तुम मुझे उर्दू जैसी लगती हो।
- Vikas verse

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें